मुंबई के डॉन ने अपनी प्रेमिका के पति पर भीनमाल के शूटर से करवाई थी फायरिंग, यहां से पकड़ ले गई पुलिस

जयपुर में 16 जून को की थी फायरिंग, प्रेमिका का पति बच गया

जयपुर/भीनमाल.

मुंबई के डॉन कमलेश शिंदे का शादीशुदा महिला पर दिल आ गया था। विवाहिता को अपना बनाने के लिए उसने उसके पति पर जयपुर में फायरिंग करवा दी। 16 जून को कार साफ कर रहे विवाहिता के पति आदित्य पर दो शूटरों ने फायरिंग कर डाली। गनीमत रही कि वह बच गया। जयपुर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए विवाहिता के प्रेम में पागल मुंबई के डॉन को एक शूटर के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

भीनमाल का शूटर मुम्बई में रहता था

मुंबई से कमलेश शेषराव पुत्र शेषराव शिंदे मुंबई के डोम्बीवैली ठाणे का रहने वाला है। शूटर सावन कुमार पुत्र बचनाराम भीनमाल जालोर का रहने वाला है। वह मुंबई के डोम्बीवली में कच्ची बस्ती में रहता था। जांच में पता लगा कि मुंबई डॉन कमलेश ने मंगेश कुमार को आदित्य की हत्या करने के लिए 13 लाख रुपए में सुपारी दी थी। इसके बाद मंगेश ने सौरभ झा व सावन कुमार को आदित्य की हत्या करने के लिए जयपुर में भेजा। दोनों ने जयपुर आकर पहले 14 जून को एक पावर बाइक खरीदी थी। वे जयपुर में अजमेर रोड पर निर्माण नगर में राजगेस्ट हाउस में कमरा लेकर रुके थे।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया है कि मूलतः पाली जिले के घाणेराव निवासी आदित्य जैन परिवार के साथ डोम्बीवेली वेस्ट ठाणे में 2018 से अक्टूबर 2020 तक रहता था। वे दोनों डोम्बीवेली में किराने की दुकान चलाते थे। दुकान के पास में ही मुंबई डॉन कमलेश शिंदे का बिल्डिंग कांट्रेक्टर का काम चल रहा था। उसका दुकान पर आना-जाना शुरू हो गया। तब उसकी नजर उसकी पत्नी पर पड़ गई। वह एक तरफ प्रेम में फंस गया। वह रोजाना सुबह-शाम दुकान पर जाने लगा।उसने पत्नी का मोबाइल नंबर ले लिया। उससे फोन पर भी बातें करने लग गया। यहां तक कि उससे छिप कर मिलने भी लगा था। कुछ दिनों तक यह चलता रहा, लेकिन बाद में आदित्य को दोनों के बारे में पता लगा। आदित्य ने कमलेश से दुकान पर आने का विरोध किया। दोनों के बीच में काफी कहासुनी हुई। डॉन कमलेश ने उसे धमकी दी। आदित्य परेशान हो गया था। आदित्य ने सारा काम बंद कर दिया और रातों-रात जयपुर में आकर रहने लगा।

फायरिंग के बाद एक शूटर जालोर भागा, यहां से धरा गया

जयपुर पुलिस ने दोनों शूटरों को पकड़ने के लिए करीब 5 किलोमीटर तक एरिये को पूरी तरह से खंगाला। दोनों की पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली। पुलिस की टीमें पूरे मामले की जांच में जुड़ गई। दोनों के पीछे बैग लगे हुए थे। दोनों बाइक से ही फरार हुए थे। पुलिस को गेस्ट हाउस व होटलों में कहीं रूकने का अंदेशा हुआ। तब पुलिस ने गेस्ट हाउस खंगाले। पुलिस राजगेस्ट हाउस तक पहुंच गई। वहां रजिस्टर में दोनों इंट्री मिलीे। एक युवक जालोर भाग गया था। पुलिस ने जालोर से उसे गिरफ्तार कर लिया था।