जालोर : शादी करने में असफल हुए तो प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या

जालोर.आहोर क्षेत्र के रायथल में एक प्रेमी युगल ने फांसी का फंदा लगा दिया। घटना सोमवार शाम की है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों घर से बिना बताए निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिली। शाम को गांव से 3 किमी दूर जंगल में सुनसान जगह पर एक पेड़ से फंदे पर दोनों के शव लटके मिले। सूचना पर नोसरा थानाधिकारी शिवराजसिंह मौके पर पहुंचे और शवों को नीचे उतारकर आहोर अस्पताल लाया गया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हुआ और शव परिजनों को सौंपा गया।

प्रेमी पड़ोसी थे दोनों, महिला की शादी भी हो चुकी

जानकारी के मुताबिक, रायथल गांव निवासी पपिया उर्फ पप्पाराम (22) पुत्र बाबूराम भील तथा उसके पड़ोस में रहने वाली जनता देवी (28) पत्नी नेमाराम भील दोनों सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए निकल गए थे। रेगिस्तानी इलाके में मवेशी चराने गए एक व्यक्ति ने देर शाम दोनों के शव पेड़ पर लटकते देखे तो ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और नोसरा पुलिस को सूचना दी। पप्पाराम व जनता दोनों एक ही जाति के थे। जनता शादीशुदा थी। पप्पाराम और जनता का पति खेती का काम करते थे। जनता गृहिणी थी। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला के विवाहित होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी। ऐसे में दोनों ने साथ मरने का फैसला किया।